फर्रुखाबाद : संपत्ति विवाद में पोते ने की दादी की हत्या, बहन को बनाया बंधक – पुलिस ने आरोपी किशोर को लिया हिरासत में

Farrukhabad News : बुधवार को जनपद फर्रुखाबाद के नवाबगंज थाना क्षेत्र बाइपास रोड के तिराहा स्थित एक मकान में पोते ने दादी की हंसिया से गोद कर बेरहमी से हत्याकर दी। बता दें कि गांव कड़िउली के मूल निवासी जगमोहन शर्मा अपनी पत्नी लक्ष्मी शर्मा, गोद ली हुई पुत्री शिल्पी, भाई रामरतन और अन्य परिजनों के साथ नवाबगंज कस्बा में रह रहे हैं। बुधवार को जगमोहन शर्मा अपनी पुत्री शिल्पी को दवा दिलाने के लिए मैनपुरी गए हुए थे और घर पर उनकी 55 वर्षीया पत्नी लक्ष्मी शर्मा अकेली थीं। इसी दौरान दोपहर लगभग डेढ़ बजे रामरतन के बड़े पुत्र संजीव के बेटे जो को कक्षा 11 का छात्र है घर में दाखिल हुआ और उसने चचेरी दादी लक्ष्मी पर हंसिए से हमला कर दिया। हमले में गंभीर से घायल दादी लक्ष्मी को मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पोता कहीं भागा नहीं, बल्कि इत्मीनान से घर के अंदर ही बैठा रहा।

नवाबगंज
मृतका लक्ष्मी शर्मा का फाइल फोटो

बहन को बनाया बंधक, बचाने आई दादी पर भी किया जानलेवा हमला

घटना के कुछ समय बाद जब आरोपी की बहन मानवी और दादी मिथलेश बाजार से वापस लौटीं, तो उन्होंने घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद पाया। मानवी ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर वह छत के रास्ते घर के भीतर दाखिल हुई। मानवी को देखते ही आरोपी भाई ने उसे पकड़ लिया, उसका गला दबाया और हाथ-पांव बांधकर एक कमरे में बंद कर दिया। इसके थोड़ी देर बाद जब दादी मिथलेश भी घर के अंदर आईं, तो आरोपी ने उन पर भी हंसिए से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। कमरे में बंद बहन और घायल दादी दोनों ही आरोपी से अपनी जान की भीख मांगती रहीं। शोर-शराबा सुनकर घर के बाहर मोहल्ले वासियों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। वहां मौजूद लोगों ने जब घर के अंदर झांककर देखा तो सभी के होश उड़ गए कमरे में लक्ष्मी शर्मा का लहूलुहान शव पड़ा हुआ था।

होमगार्ड की तत्परता से पकड़ा गया आरोपी, पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने संभाला मोर्चा

घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और बवना तिराहे पर तैनात होमगार्ड तारा सिंह को तुरंत सूचना दी। सूचना मिलते ही होमगार्ड तारा सिंह अपने साथी के साथ मौके पर पहुंचे और चारपाई पर बैठे आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया। हत्या की सूचना मिलते ही नवाबगंज थाना प्रभारी राजीव कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। कमरे की दीवारों और जमीन पर खून के छीटें बिखरे मिले, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि हत्या गैलरी में की गई और शव को घसीटकर कमरे के अंदर रखा गया। पुलिस ने मौके से वारदात में इस्तेमाल किया गया हंसिया भी बरामद कर लिया है। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद आलोक कुमार सिंह और फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

नवाबगंज
नवाबगंज

मायके पक्ष ने लगाया संपत्ति हड़पने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही मऊदरवाजा क्षेत्र के गांव नगला कलार से मृतका लक्ष्मी शर्मा के भतीजे मोहित शर्मा और अन्य मायके वाले मौके पर पहुंचे। मायके पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि संपत्ति पर कब्जा करने की नीयत से लक्ष्मी शर्मा की हत्या की गई है। वहीं, घटना की जानकारी पाकर मैनपुरी से वापस लौटे पति जगमोहन शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायल दादी मिथलेश को इलाज के लिए सीएचसी नवाबगंज में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी राजीव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि प्राथमिक जांच में मामला संपत्ति के लालच में की गई हत्या का प्रतीत हो रहा है। आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

नवाबगंज
नवाबगंज
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें