Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव भोजपुर निवासी विनोद वर्मा की 14 वर्षीय पुत्री गुलशन अपने भाइयों अनुराग (15) और रोहित (6) के साथ घर से करीब सौ मीटर दूर गंगा किनारे खड़ा भागा (रेती में खड़ी पटेल) लेने गई थी। इसी दौरान तीनों बच्चे पंचायत सचिवालय के पास स्थित गंगा नदी में नहाने लगे। नहाते समय किशोरी अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी।

भाई ने बचाने की कोशिश की, लेकिन छूट गया हाथ
बहन को गहरे पानी में डूबता देख दोनों भाई चीखने-चिल्लाने लगे। बड़ा भाई अनुराग अपनी बहन को बचाने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन वह खुद भी पानी के तेज बहाव और गहराई में डूबने लगा। खतरे को देखते हुए छोटे भाई रोहित ने किसी तरह अनुराग को खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, प्रयास के बावजूद किशोरी का हाथ छूट गया और वह पानी के तेज बहाव में समा गई। घटना के बाद मासूम भाई बिलख-बिलख कर रोने लगा।
स्थानीय ग्रामीणों और गोताखोरों ने चलाया सर्च अभियान
बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और नदी में छलांग लगाकर किशोरी की तलाश शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पांचाल घाट से पेशेवर गोताखोरों को बुलवाकर महाजाल डलवाया और व्यापक खोजबीन शुरू कराई। सीओ राजेश द्विवेदी ने बताया कि काफी समय तक तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान को रोकना पड़ा। सुबह पुनः तलाश अभियान शुरू किया जाएगा।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, गांव में शोक की लहर
हादसे की खबर मिलते ही किशोरी के पिता विनोद वर्मा और मां नेमा देवी मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। विनोद वर्मा के पांच पुत्रियों और तीन पुत्रों में गुलशन एक थी। इस दुखद हादसे के बाद से पूरे भोजपुर गांव में शोक और सन्नाटे का माहौल व्याप्त है।

























