Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद में जनशिकायतों और आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली समस्याओं के निस्तारण में ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। शासन स्तर से आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने समीक्षा बैठक बुलाई। बैठक में विभिन्न विभागों के मामलों की गहन पड़ताल के दौरान पाया गया कि कई अधिकारी शासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद शिकायतकर्ताओं से संपर्क तक नहीं कर रहे हैं और मनमाने ढंग से रिपोर्ट लगाकर निस्तारण दर्शा रहे हैं।

असंतोषजनक फीडबैक पर 10 अधिकारियों के वेतन आहरण पर रोक
जनता से मिले असंतोषजनक फीडबैक और शिकायतकर्ताओं से सीधा संवाद न करने के मामले को गंभीरता से लेते हुए 10 प्रमुख अधिकारियों के अक्टूबर माह के वेतन आहरण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। इस कार्रवाई की जद में आने वाले प्रमुख अधिकारियों में जिला समाज कल्याण अधिकारी (फर्रूखाबाद), अधिशासी अभियंता (जल निगम ग्रामीण), खण्ड शिक्षा अधिकारी (राजेपुर), खण्ड विकास अधिकारी (मोहम्मदाबाद), सहायक विकास अधिकारी (कायमगंज), तहसीलदार (कायमगंज व फर्रूखाबाद), मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO फर्रूखाबाद), सहायक अभियंता (लघु सिंचाई) तथा अधिशासी अधिकारी (नगर पंचायत कम्पिल) शामिल हैं।
24 अफसरों को कारण बताओ नोटिस जारी
वेतन रोकने की सख्त कार्रवाई के साथ-साथ प्रशासन ने कार्यप्रणाली में सुधार न लाने वाले 24 अन्य अधिकारियों को ‘कारण बताओ नोटिस’ भी निर्गत किया है। इसमें सिंचाई, जिला पंचायत, बेसिक शिक्षा अधिकारी, एलडीएम बैंक, खाद्य एवं विपणन अधिकारी तथा विभिन्न ब्लॉक व तहसील स्तर के अधिकारी शामिल हैं। सीडीओ ने स्पष्ट शब्दों में हिदायत दी है कि आम जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या फर्जीवाड़ा कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

























