Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के नवाबगंज कस्बे करंट लगने से युवक की दर्दनाक मौत हो गई। बता दें कि मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव नियामतपुर खेड़ा निवासी 24 वर्षीय शिवम अपने मामा आलोक शाक्य के घर आया हुआ था। वहां प्लास्टर का कार्य चल रहा था और शिवम मिस्त्री की मदद कर रहा था। इसी दौरान दीवार के सहारे पड़े बिजली के केबल के संपर्क में आने से शिवम को जोरदार करंट लग गया और वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा।
डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित किया
घटना के तुरंत बाद परिजन आनन-फानन में शिवम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज लेकर पहुंचे। जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर रितेश कुमार और फार्मासिस्ट आलोक कुमार ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई का इनकार करते हुए शव को घर ले गए।
मासूम बेटे और पत्नी के सिर से उठा साया
मृतक शिवम अपने परिवार में इकलौता भाई था। उसकी मां का निधन काफी समय पहले ही हो चुका था। शिवम अपने पीछे पत्नी दिव्या और एक वर्षीय मासूम बेटे राघव को छोड़ गया है। इस अचानक हुई अनहोनी से मासूम बेटे और पत्नी के सिर से सहारा छीन गया है। पूरे गांव में इस घटना के बाद से शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस प्रशासन की प्रतिक्रिया
सीएचसी के डॉक्टर रितेश कुमार ने बताया कि युवक को जब अस्पताल लाया गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने जानकारी दी कि घटना की सूचना मिल गई है। शनिवार सुबह पंचायतनामा की आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

























