Farrukhabad News : गुरुवार की जगह जनपद फर्रुखाबाद के कम्पिल थाना क्षेत्र के गांव नगला फुलू में दूसरी मंजिल से गिरकर युवक की दर्दनाक मौत हो गई। बता दें कि गांव निवासी 33 वर्षीय रैटू यादव रात करीब 9:30 बजे अपने घर की दूसरी मंजिल पर किसी काम से गए थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने की वजह से वह सीधे नीचे आ गिरे। ऊंचाई से गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने चिकित्सीय परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की बहुत ही सूचना पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल।
मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, बिलख उठे परिजन
बता दें कि रैटू यादव की शादी लगभग 11 वर्ष पूर्व हुई थी। उनके परिवार में पत्नी रूबी के अलावा सात वर्षीय बेटी लवी और तीन वर्षीय मासूम बेटा आयुष हैं। अचानक हुए इस दर्दनाक हादसे से दोनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया सदा के लिए उठ गया है। पति को खोने के गम में पत्नी रूबी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं बेटे की मौत से मां राजवाला भी बदहवास हैं। रोते-बिलखते परिजनों को देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं।
घर के बड़े बेटे थे रैटू, संभालते थे पूरे परिवार की जिम्मेदारी
मृतक रैटू तीन भाइयों में सबसे बड़े थे, उनसे छोटे भाई यशपाल और शिवम यादव हैं। पिता पप्पू यादव उर्फ सतेंद्र ने भर्राए गले से बताया कि रैटू ही घर की मुख्य जिम्मेदारियों का निर्वहन करते थे और परिवार के भरण-पोषण में अहम भूमिका निभाते थे। उनकी इस तरह अचानक हुई मृत्यु से परिवार के सामने गहरे भावनात्मक आघात के साथ-साथ भविष्य की चिंता भी खड़ी हो गई है।
गांव और आसपास के इलाके में पसरा मातम
हादसे की खबर जैसे ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में फैली, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार पीड़ित परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं। अचानक हुए इस हादसे से पूरा गांव स्तब्ध है और चारों तरफ मातम का माहौल बना हुआ है।

























