Farrukhabad News : उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 की तैयारियां फर्रुखाबाद में तेजी से शुरू हो गई हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजन किया गया। इस बैठक में मान्यता प्राप्त सभी राष्ट्रीय और राज्यीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना और निर्वाचन से जुड़ी सभी जरूरी जानकारियों को राजनैतिक दलों के साथ साझा करना रहा।
पोलिंग बूथों के प्रस्तावों और दावों-आपत्तियों पर हुआ मंथन
बैठक के दौरान उप जिलाधिकारियों द्वारा जनपद में स्थापित किए जाने वाले प्रस्तावित पोलिंग बूथों का सत्यापन प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। उपस्थित प्रतिनिधियों को प्रस्तावित स्थलों की सूची सौंपी गई और उनसे इन मतदेय स्थलों के संबंध में अपने दावे, आपत्तियां तथा सुझाव देने की अपील की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि किसी दल या प्रतिनिधि को पोलिंग बूथ की स्थिति से लेकर कोई आपत्ति या बदलाव का सुझाव देना हो, तो वह तत्काल उपलब्ध कराएं ताकि नियमानुसार जांच कर कार्रवाई की जा सके।
राजनैतिक दलों ने जताई सहमति, प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में उपस्थित सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों ने प्रस्तावित मतदेय स्थलों पर अपनी सहमति व्यक्त की। इस बैठक में समाजवादी पार्टी से सुभाष चन्द्र शाक्य, आम आदमी पार्टी से अचल प्रताप सिंह व अंकुर सिंह, बहुजन समाज पार्टी से रामरतन गौतम, अपना दल से आयुष गुप्ता, भारतीय जनता पार्टी से मुकेश गुप्ता और सीपीआईएम से सुनील कुमार कटियार उपस्थित रहे। इसके अलावा प्रशासनिक पक्ष से कायमगंज के तहसीलदार अविनव कुमार, अमृतपुर की उप जिलाधिकारी श्वेता साहू तथा सदर (न्यायिक) के उप जिलाधिकारी डॉ0 सचिन वर्मा समेत कई अधिकारी शामिल हुए। बैठक का समापन सभी प्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित कर शांतिपूर्ण माहौल में हुआ।

























