Farrukhabad News : गुरुवार देर रात करीब 11 बजे जनपद फर्रूखाबाद के मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र स्थित इटावा-बरेली हाईवे पर खाटू श्याम मंदिर के पास एक तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे को देख आसपास राहगीरों व ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। राहगीरों और पुलिस की मदद से दोनों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल महिला का इलाज जारी है।

बीमार मां को देखकर लौट रहा था दंपत्ति
बता दें कि मृतक युवक की पहचान जनपद मैनपुरी के बेबर थाना क्षेत्र के गांव गांव नगला सुदामा निवासी सोनू शाक्य के रूप में हुई है। सोनू की मां रीता पथरी के इलाज के लिए फर्रूखाबाद शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती थीं। गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे रीता का ऑपरेशन हुआ था। अपनी मां का हालचाल लेने के बाद सोनू रात करीब 10 बजे अपनी पत्नी खुशी के साथ बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे खाटू श्याम मंदिर के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार डीसीएम ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
परिवार में पसरा मातम, 7 महीने पहले ही हुई थी शादी
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे रोते-बिलखते लोहिया अस्पताल पहुंचे। अस्पताल प्रशासन की ओर से पुलिस को सूचित कर शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि सोनू और खुशी की शादी 7 महीने पहले ही हुई थी। सोनू दो भाइयों में सबसे बड़े थे और खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। फिलहाल घायल पत्नी खुशी का इलाज लोहिया अस्पताल में चल रहा है।

























