Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद की अमृतपुर तहसील क्षेत्र के गांव नगला दुर्ग के परगना परमनगर में प्रधान द्वारा दी गई सूचना के आधार पर उप जिलाधिकारी श्वेता साहू ने राजस्व टीम के साथ मौके का स्थलीय निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि गंगा नदी के कटान से निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र सहित कुल 6 मकान (4 पक्के और 2 कच्चे घर) ढहकर क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
समय रहते खाली करा लिए गए थे मकान
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। राजस्व टीम और स्थानीय प्रगणक की जांच में पता चला कि प्रभावित घरों में से 2 घर काफी समय से खाली थे। वहीं, बाढ़ के खतरे को देखते हुए ग्रामीण समय रहते मकान खाली करके सलेमपुर और फतेहगढ़ में अपने परिवारों के साथ चले गए थे। गंगा का जलस्तर घटने पर जब कटान का असर दिखा, तब यह मामला प्रशासन के संज्ञान में आया।

लापरवाही बरतने पर लेखपाल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
प्रशासन ने इस पूरे मामले में सख्त रुख अपनाया है। समय पर जानकारी न देने और पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने के कारण क्षेत्रीय लेखपाल के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई संस्थित कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि नियमों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और प्रभावितों की सहायता व आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

























