फर्रुखाबाद : गणेश उत्सव को लेकर पुलिस अलर्ट, 4 जोन और 14 सेक्टर में बांटा जिला – 800 से अधिक जवान संभालेंगे मोर्चा

Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद में गणेश उत्सव को लेकर तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक गणपति बप्पा के आगमन की गूंज सुनाई दे रही है। बता दें कि पूरे जनपद में इस बार लगभग 250 स्थानों पर भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं। पूजा समितियों और युवाओं द्वारा ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ बप्पा की मूर्तियों को पंडालों तक लाने की भव्य तैयारियां की गई हैं। उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और पूरा माहौल भक्तिमय हो चुका है।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

4 जोन और 14 सेक्टर में बंटा फर्रुखाबाद, 800 से अधिक जवान तैनात

त्योहार के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सुरक्षा के लिहाज से पूरे जनपद को 4 जोन और 14 सेक्टर में विभाजित किया गया है। उत्सव की सुरक्षा कमान 800 से अधिक पुलिसकर्मियों के हाथों में होगी। असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए पुराने उपद्रवियों की पहचान कर ली गई है। आयोजकों के साथ पीस कमेटी की बैठकें पूरी की जा चुकी हैं, जिसमें पंडालों की सुरक्षा और मानकों के पालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

ड्रोन और CCTV से निगरानी, महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘मिशन शक्ति’ हेल्पडेस्क

भीड़भाड़ वाले और प्रमुख पंडालों पर तीसरी आंख यानी CCTV कैमरों और ड्रोन के जरिए पैनी नजर रखी जाएगी। इसके अलावा महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए पंडालों में ‘मिशन शक्ति’ केंद्र और हेल्पडेस्क स्थापित की गई है। महिला पुलिस बल लगातार क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेगा। मूर्ति विसर्जन के दौरान भी विशेष पुलिस बल की तैनाती रहेगी ताकि सभी धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्वक और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

भ्रामक खबरों से बचें नागरिक, पुलिस अधीक्षक ने की शांति बनाए रखने की अपील

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने आम जनता से अपील की है कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक खबरों पर बिना पुष्टि के विश्वास न करें। यदि कोई संदिग्ध सूचना या अफवाह सामने आती है, तो तुरंत इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दें। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर नजर रखी जा रही है ताकि शांति भंग करने की किसी भी कोशिश को नाकाम किया जा सके। प्रशासन ने नागरिकों से भाईचारे के साथ त्योहार मनाने का आग्रह किया है।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें