Farrukhabad News : राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर शनिवार को फर्रुखाबाद में जनपद एवं राजस्व न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला जज नीरज कुमार ने लोक अदालत का विधिवत शुभारंभ किया और परिसर में लगे विभिन्न विभागों के स्टालों व पटलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। लोक अदालत में मामलों के त्वरित निपटारे को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला।

83,688 मामलों का सुलह-समझौते से निस्तारण
इस लोक अदालत में मोटर वाहन दुर्घटना, बैंक ऋण, पारिवारिक विवाद, एनआई एक्ट और लघु फौजदारी समेत कुल 88,324 मामले चिह्नित किए गए थे। इनमें से आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर 83,688 मामलों का सफलतापूर्वक निस्तारण कराया गया। इस दौरान पक्षकारों से कुल 18,30,41,873 (लगभग 18.30 करोड़) रुपये का राजस्व व सेटलमेंट शुल्क जमा कराया गया।
टूटते रिश्तों को मिली नई जिंदगी
राष्ट्रीय लोक अदालत में कुटुंब न्यायालय की ओर से एक बेहद मानवीय पहल देखने को मिली। आपसी मतभेद के कारण अलग रह रहे 10 दंपतियों के बीच समझौता कराकर उन्हें दोबारा एक कराया गया। जनपद न्यायाधीश नीरज कुमार ने इन सभी दंपतियों के लिए मालाएं और मिठाई मंगवाई। उन्होंने दंपतियों को समझाते हुए कहा कि एक-दूसरे की भावनाओं का आदर करें और साथ रहकर अपने व अपने बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनाएं।

न्यायिक अधिकारियों की रही गरिमामय उपस्थिति
कार्यक्रम को सफल बनाने में नोडल अधिकारी व अपर जिला जज संजय कुमार, अभिनितम उपाध्याय, शैलेंद्र सचान, तरुण कुमार सिंह, रितिका त्यागी तथा कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश जमशेद अली समेत कई न्यायिक अधिकारी व बैंक कर्मचारी उपस्थित रहे।

























