Farrukhabad News : गुरुवार की शाम जनपद फर्रूखाबाद के मोहम्मदबाद थाना क्षेत्र के गांव कुम्हौली के पास काली नदी में जब स्थानीय ग्रामीण प्रतिमा विसर्जन के लिए पहुंचे, तो उन्होंने देखा की पुल के दो पिलरों के बीच एक प्लास्टिक का बोरा फंसा हुआ है और बोरे में से तेज बदबू आ रही है। किसी अनहोनी की आशंका होने पर ग्रामीणों ने तुरंत मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी।
पुलिस प्रशासन और फॉरेंसिक टीम ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही मोहम्मदबाद क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार, कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह व ताजपुर चौकी प्रभारी कपिल कुशवाहा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल कर पिलरों के बीच फंसे बोरे को बाहर निकलवाया। सूचना मिलती ही फोरेंसिक विभाग की टीम मौके पर पहुंची और फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर साक्ष्य एकत्रित किए। पड़ोसी जिले कन्नौज के छिबरामऊ क्षेत्र की पुलिस भी सीमावर्ती इलाका होने के कारण मौके पर मौजूद रही।

शव की शिनाख्त और कानूनी प्रक्रिया जारी
बोरे को खोलने पर लगभग 22 वर्षीय युवती का शव मिला। मृतका ने पर्पल रंग की कुर्ती और काले रंग की जींस पहन रखी थी। पुलिस के अनुसार, हाल ही में दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्टों के आधार पर युवती की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी, और मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है।

























