Farrukhabad News : पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने कानपुर अनवरगंज-फर्रुखाबाद रेलखंड का गहन विंडा ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गुरुवार शाम करीब सवा तीन बजे फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचकर चल रहे विकास व निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने एक घंटे से अधिक समय तक स्टेशन परिसर, यार्ड और आसपास के निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति देखी। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य रेल संपत्तियों की सुरक्षा, पटरियों का रखरखाव और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कन्नौज, गुरसहायगंज व फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशनों पर चल रहे कायाकल्प कार्यों की समीक्षा करना था। GM ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

सुरक्षा, पटरियों का रखरखाव और एलिवेटेड कॉरिडोर का जायजा
निरीक्षण की शुरुआत मंधना रेलवे स्टेशन से हुई, जहां महाप्रबंधक ने कानपुर अनवरगंज-मंधना के बीच प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना के ले-आउट प्लान का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा की। इसके बाद मंधना स्टेशन पर प्लेटफॉर्म सरफेस, स्ट्रीट लाइट और स्टोर रूम की स्थिति देखी गई। पूरे रेलखंड के दौरान उन्होंने रेल पटरी, पॉइंट, क्रॉसिंग, समपार फाटकों तथा बड़े पुलों की बारीकी से जांच की। उन्होंने रेल अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेल संपत्तियों का बेहतर रखरखाव सुनिश्चित किया जाए और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन हो।

कन्नौज और गुरसहायगंज में यात्री सुविधाओं और पेयजल गुणवत्ता का परीक्षण
इसके पश्चात महाप्रबंधक कन्नौज रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने अमृत भारत योजना के तहत बन रहे नए सर्कुलेटिंग एरिया, स्टेशन कॉनकोर्स, प्लेटफॉर्म, निर्माणाधीन लिफ्ट, एस्केलेटर और फुट ओवर ब्रिज का निरीक्षण किया। कन्नौज और गुरसहायगंज दोनों स्थानों पर उन्होंने रेलवे कॉलोनियों का दौरा कर रेल कर्मचारियों व उनके परिजनों से उपलब्ध सुविधाओं, स्वच्छता और कचरा प्रबंधन पर बात की। गुरसहायगंज में पार्किंग, आधुनिक शौचालय ब्लॉक, उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय और पेयजल व्यवस्था की जांच की गई। उन्होंने पेयजल परीक्षण रजिस्टर देखा और खुद के सामने पानी में अवशिष्ट क्लोरीन व बैक्टीरियोलॉजिकल गुणवत्ता की जांच कराई, ताकि यात्रियों को शुद्ध पानी मिल सके।

फर्रुखाबाद स्टेशन पर विकास कार्यों की समीक्षा और अधिकारियों को निर्देश
निरीक्षण के अंतिम चरण में फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचे GM उदय बोरवणकर ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत हो रहे पुनर्विकास कार्यों को देखा। उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म, निर्माणाधीन फुट ओवर ब्रिज के साथ-साथ पार्सल ऑफिस और गुड्स शेड का जायजा लिया तथा वहां काम करने वाले व्यापारियों व मजदूरों की समस्याओं को सुना। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि फर्रुखाबाद स्टेशन के सभी निर्माण कार्य तय समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। निरीक्षण के दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनुज मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर तुषार कान्त पाण्डेय, मंडल रेल प्रबंधक इज्जतनगर वीणा सिन्हा सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

























