Farrukhabad News : गुरुवार को जनपद फर्रूखाबाद में आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष सूरज गौतम के नेतृत्व में भारी संख्या में कार्यकर्ता आंबेडकर मूर्ति के पास एकत्रित हुआ। हाथों में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के फोटो और स्लोगन लिखे पर्चे लिए कार्यकर्ताओं ने जेएनवी तिराहा से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला। इस मार्च में पुरुष और महिला कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।

24 सूत्रीय मांगों के समर्थन में प्रदर्शन
कलेक्ट्रेट पहुंचे कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित 24 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन सौंपने से पहले जिलाध्यक्ष ने सभी मांगों को कार्यकर्ताओं के सामने पढ़कर सुनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं के हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर शिक्षा, आरक्षण और बहुजन हित से जुड़े विभिन्न नारे लिखे हुए थे।
जाति जनगणना और आरक्षण पर विशेष जोर
ज्ञापन के माध्यम से आजाद समाज पार्टी ने महिला आरक्षण अधिनियम 2023 में महिलाओं के लिए 50% आरक्षण तय करने की मांग की है। इसके साथ ही, अन्य पिछड़ा वर्ग को लोकसभा और विधानसभा में उचित राजनीतिक भागीदारी देने और जातिगत जनगणना में OBC का अलग कॉलम बनाकर वैज्ञानिक व पारदर्शी तरीके से गणना कराने पर जोर दिया गया।

कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश को लेकर हुआ विरोध
प्रदर्शन के दौरान शुरुआत में जब कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर पहुंचे, तो उन्हें सुरक्षा कारणों से दूसरे गेट से अंदर जाने के लिए कहा गया। इस बात को लेकर कार्यकर्ताओं ने कुछ देर विरोध जताते हुए नारेबाज़ी की। हालांकि, बाद में वे शांतिपूर्ण ढंग से दूसरे गेट से परिसर के अंदर दाखिल हुए और सिटी मजिस्ट्रेट पारूल तरार को ज्ञापन सौंपकर अपना प्रदर्शन समाप्त किया।

























