फर्रूखाबाद : मौसम के मिजाज को देख बदला मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का स्थान, अब डबरी नहीं पुलिस लाइन में होगी जनसभा

Farrukhabad News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनपद फर्रूखाबाद आगमन को लेकर चल रही तैयारियों के बीच मौसम के बदले मिजाज ने प्रशासनिक व्यवस्था को पूरी तरह से बदल दिया है। पहले मुख्यमंत्री का कार्यक्रम गंगापार स्थित गांव डबरी में प्रस्तावित था, लेकिन हाल ही में हुई तेज बारिश और डबरी गांव में जलभराव की समस्या को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन जनसभा का स्थान बदलने का निर्णय लिया है। अब मुख्यमंत्री का यह बहुप्रतीक्षित कार्यक्रम जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन मैदान में आयोजित किया जाएगा। अफसरों से हरी झंडी मिलते ही पुलिस लाइन के मैदान में युद्ध स्तर पर नई तैयारियों की शुरुआत कर दी गई है।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

डबरी गांव में पानी भरने से बदला गया फैसला

अमृतपुर के डबरी गांव में मुख्यमंत्री के स्वागत और जनसभा के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग की देखरेख में विशाल मंच और हेलीपैड के निर्माण का कार्य जोर-शोर से शुरू कराया गया था। मैदान को समतल करने के लिए दर्जनों जेसीबी मशीनें लगाई गई थीं। हालांकि, सोमवार रात हुई अचानक बारिश ने प्रशासन की तैयारियों पर असर डाला। मंच और हेलीपैड निर्माण स्थल के पास भारी जलभराव हो गया, जिसके चलते सामान से लदी गाड़ियों के फंसने की स्थिति बन गई। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था और सुरक्षा जोखिम से बचने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने रिपोर्ट शासन को भेजी और सर्वसम्मति से कार्यक्रम स्थल को पुलिस लाइन स्थानांतरित करने का फैसला लिया।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

10 हजार लोगों की क्षमता वाला भव्य पंडाल और सुरक्षा व्यवस्था

पुलिस लाइन मैदान में अब 10 हजार लोगों के बैठने की क्षमता वाला एक विशाल और मजबूत पंडाल बनाया जा रहा है। कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था की कमान 5 एडिशनल एसपी, 12 सीओ और 20 इंस्पेक्टर संभालेंगे। इसके अलावा 150 उपनिरीक्षक, 10 महिला उपनिरीक्षक, 300 से अधिक कांस्टेबल/हेड कांस्टेबल और PAC की 2 कंपनियां तैनात रहेंगी। यातायात को सुचारू रखने के लिए शहर में 50 से अधिक बैरियर बनाए जा रहे हैं और क्रेन के साथ ट्रैफिक पुलिस की टीमें लगातार मुस्तैद रहेंगी।

फर्रूखाबाद
फर्रूखाबाद

घरों के आसपास हो रहा सत्यापन अभियान

सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस लाइन और उसके आसपास के आवासीय क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा विशेष सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। स्थानीय नागरिकों के पहचान पत्र और आधार कार्ड की जांच की जा रही है ताकि सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न रहे। इसके साथ ही, वीआईपी मूवमेंट के दौरान शहर के मुख्य मार्गों पर रूट डायवर्जन और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है ताकि मुख्यमंत्री के आगमन पर कार्यक्रम को सुरक्षित और भव्य रूप प्रदान किया जा सके।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें