Farrukhabad News : उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनपद फर्रूखाबाद के दौरे को ध्यान में रखते हुए पुलिस और यातायात प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है। शहर में यातायात के सुगम और सुचारू संचालन के लिए पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने व्यापक रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया है। यह व्यवस्था 02 सितंबर 2026 की रात 12.00 बजे से लागू होकर 03 सितंबर 2026 की शाम 06.00 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस अवधि के दौरान भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश और आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

कन्नौज, छिबरामऊ और मैनपुरी की ओर से आने वाले वाहनों के लिए व्यवस्था
प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार, कन्नौज से कानपुर रोड होते हुए फतेहगढ़ की ओर आने वाले सभी भारी माल वाहनों जैसे ट्रक, टैंकर, डीसीएम, डंपर, लोडर आदि को गुरसहायगंज से छिबरामऊ की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। इसी तरह छिबरामऊ से जहानगंज होकर आने वाले माल वाहनों को छिबरामऊ से बेवर जनपद मैनपुरी की ओर भेजा जाएगा। बेवर मैनपुरी की ओर से फतेहगढ़ आने वाले भारी वाहनों को बेवर सीमा में ही रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

एटा, शाहजहांपुर और हरदोई रूट पर भी रहेगा प्रतिबंध
जनपद एटा की ओर से आने वाले माल वाहनों को बिराहिमपुर अलीगंज बॉर्डर पर रोका जाएगा। शाहजहांपुर व बरेली की तरफ से आने वाले वाहनों को थाना अल्लागंज, हुल्लापुर और जरियनपुर चौराहे पर ही रोक दिया जाएगा। इसके अलावा हरदोई की ओर से आने वाले वाहनों को रूपापुर थाना सवायजपुर के पास रोका जाएगा।
























