फर्रूखाबाद : पंखे के प्लग में उतरे करंट ने ली मां की जान, बेटी बाल-बाल बची – परिवार में मचा कोहराम

Farrukhabad News : सोमवार की दोपहर जनपद फर्रूखाबाद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के गांव लखराऊआ निवासी 44 वर्षीय किरण देवी अपने घर में काम कर रही थीं। इसी दौरान कमरे में लगे तूफानी पंखे के प्लग में अचानक करंट उतर आया। करंट की चपेट में आते ही किरण देवी बेसुध होकर चीखने लगीं।

मां को बचाने पहुंची बेटी भी चपेट में आई

मां की चीख-पुकार सुनकर उनकी शादीशुदा बेटी राखी तुरंत उन्हें बचाने के लिए दौड़ी। किरण देवी को छुड़ाने के प्रयास में राखी भी करंट की चपेट में आ गई और झटका लगने से दूर जा गिरी। शोर सुनकर घर के अन्य सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए सबसे पहले बिजली की मुख्य सप्लाई बंद की, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

फर्रुखाबाद
मृतका किरण देवी का फाइल फोटो

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

घटना के तुरंत बाद परिजन गंभीर हालत में किरण देवी को निजी वाहन से मोहम्मदाबाद स्थित निजी अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए फर्रूखाबाद रेफर कर दिया। हालांकि, फर्रूखाबाद अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किरण देवी को मृत घोषित कर दिया।

परिवार में शोक की लहर, पुलिस जांच शुरू

मृतका अपने पीछे दो बेटों प्रबल कुमार (19) और प्रतीक कुमार (22) व शादीशुदा बेटी राखी को छोड़ गई हैं। घटना की जानकारी मृतका के बेटे प्रतीक कुमार द्वारा दिए जाने के बाद उपनिरीक्षक जयवीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरा और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना के बाद से पूरे लखराऊआ गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें