फर्रुखाबाद : कायमगंज में बंदरों की उछलकूद से टूटा जर्जर बिजली का पोल, कई मोहल्लों में 5 घंटे ठप रही बिजली

Farrukhabad News : मंगलवार की सुबह जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर स्थित जटवारा तिराहे पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सुबह करीब 6 बजे जर्जर बिजली के खंभे पर बंदरों के कूदते ही पोल नीचे से टूटकर सामने स्थित दुकानों पर गिर गया। खंभा और बिजली के तार मुख्य सड़क पर गिरने के कारण रास्ते की आवाजाही बाधित हो गई। स्थानीय दुकानदारों ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद विभाग ने सेकंड फीडर की आपूर्ति बंद कर क्षेत्र की बिजली काट दी।

5 घंटे ठप रही बिजली, नया पोल लगाकर सप्लाई की गई बहाल

इस घटना के कारण जटवारा, पटवन गली, पृथ्वी दरवाजा और कोयला वाली गली समेत कई मोहल्लों में लगभग 5 घंटे तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही। घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और दूसरे स्थान पर नया खंभा लगाकर मरम्मत का कार्य शुरू किया। सुबह 11 बजे मरम्मत का काम पूरा होने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकी।

जर्जर खंभों को लेकर निवासियों में आक्रोश

स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह बिजली का खंभा काफी समय से नीचे से गल चुका था और इसकी शिकायत कई बार विभाग से की गई थी। नगर के कई भीड़भाड़ वाले इलाकों में दर्जनों खंभे नीचे से गल चुके हैं, जिन पर बंच केबलों का भारी वजन रहता है। इसी वजह से तेज हवा या बंदरों के कूदने से अक्सर खंभे टूटने का खतरा बना रहता है।

बिजली विभाग की कार्रवाई : 10 जर्जर खंभे बदलने की मिली स्वीकृति

बिजली विभाग के जेई मोहम्मद जावेद अहमद ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर के 20 जर्जर खंभों को बदलने का प्रस्ताव भेजा गया था, जिनमें से 10 खंभों को बदलने की स्वीकृति मिल गई है। इन खंभों को जल्द ही ठेकेदार के माध्यम से बदलवाया जाएगा। इसके अलावा नगर की घनी बस्तियों में लगे ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग का काम भी तेजी से कराया जा रहा है।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें