रविवार को जनपद फर्रुखाबाद के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के टाउन हॉल चुंगी के पास सीमेंट से लदे एक बड़े कंटेनर ट्रक को खाली करने का काम चल रहा था। रम्ना गुलजार निवासी 25 वर्षीय युवक सचिन अपने साथी मजदूरों के साथ यहां मजदूरी करने आया था। सीमेंट खाली होने के बाद जब बाकी मजदूर पानी पीने चले गए, तब सचिन अकेले ट्रक को बैक कराने में मदद करने लगा। इसी दौरान ड्राइवर लापरवाही से ट्रक पीछे ले गया और सचिन गाड़ी तथा दीवार के बीच बुरी तरह फंस गया।

लोहिया अस्पताल में डॉक्टरों ने तोड़ा दम, चीख-पुकार से कांपा पूरा इलाका
हादसे के वक्त ड्राइवर ट्रक के दूसरी तरफ देख रहा था, जिससे वह सचिन को भांप नहीं पाया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सचिन के पेट में गंभीर चोटें आईं। आस-पास के लोगों ने आनन-फानन में ट्रक को आगे बढ़वाया और ई-रिक्शा की मदद से उसे तुरंत एक निजी नर्सिंग होम ले गए। हालत बिगड़ती देख डॉक्टरों ने उसे डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

3 साल पहले हुई थी शादी, 2 साल की मासूम के सिर से उठा पिता का साया
सचिन की मौत की खबर सुनते ही उसके घर में कोहराम मच गया। सचिन मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालता था। उसकी शादी महज 3 साल पहले हुई थी और उसकी दो साल की एक मासूम बेटी मन्नू (अन्नू) भी है। हादसे के बाद से मां निर्मला देवी, पत्नी और पूरे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जवान बेटे को खोने के गम में पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।


















