रविवार को जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक भारी पुलिस बल वहां पहुंच गया। दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव में एक नाबालिग किशोरी की शादी की तैयारी चल रही है। पुलिस के अचानक पहुंचने से गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीण सकते में आ गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया।
साजिश या सच? क्या बोले परिजन
मौके पर पहुंची पुलिस ने किशोरी के बाबा और चाचा से पूछताछ शुरू की। परिजनों ने अपना बचाव करते हुए बताया कि लड़की अभी महज 15 साल की है और वे केवल उसके लिए रिश्ता तलाश रहे हैं, शादी करने की कोई योजना नहीं है। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश और आपसी दुश्मनी के चलते उन्हें परेशान करने और समाज में बदनाम करने के लिए यह झूठी शिकायत की गई है।
पुलिस की सख्त चेतावनी
मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने परिजनों को कड़े लहजे में चेतावनी दी कि किशोरी के बालिग होने से पहले उसकी शादी का ख्याल भी दिमाग में न लाएं। उन्होंने साफ कहा कि भविष्य में यदि बाल विवाह का कोई भी साक्ष्य मिला, तो पूरे परिवार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एहतियात के तौर पर पुलिस ने परिजनों से लिखित शपथ पत्र लिया है और चाइल्ड हेल्पलाइन को भी मामले की पूरी जानकारी दे दी है।



















