रविवार को जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर स्थित अग्रवाल धर्मशाला में विश्व हिंदू परिषद गौरक्षा विभाग की कानपुर बुंदेलखंड प्रान्त की प्रांतीय टोली और ट्रस्ट की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कानपुर-बुंदेलखंड प्रांत के दिग्गजों ने बनाई नई रणनीति
बता दें कि सुबह 9 से शाम 4 बजे तक चली इस बैठक में कार्यकर्ताओं के काम की समीक्षा की गई। साथ ही संगठन को मजबूत करने के लिए जिला, विभाग और प्रांत स्तर पर नए चेहरों को बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में ट्रस्ट के मंत्री के.डी. शुक्ला ने सालभर का लेखा-जोखा पेश किया, जबकि राष्ट्रीय गोविज्ञान परीक्षा प्रमुख शैलेंद्र सिंह और क्षेत्र गौरक्षा प्रमुख पूरन सिंह जैसे बड़े दिग्गजों ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा।

एक्शन प्लान : गौ सम्मान के लिए संतों संग चलेगा महाअभियान
बैठक में ‘गौ सम्मान आवाहन अभियान’ के दूसरे चरण को लेकर सबसे बड़ा फैसला हुआ। अब विहिप कार्यकर्ता पूज्य संतों के नेतृत्व में इस अभियान को घर-घर तक पहुंचाएंगे। अभियान की व्यवस्थापक साध्वी विमला दीदी ने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया। वहीं, क्षेत्र प्रमुख पूरन सिंह ने साफ किया कि 27 जुलाई को अपनी मांगों को लेकर विहिप पूरे दमखम के साथ जिलाधिकारियों को ज्ञापन सौंपेगी। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बैठक के संयोजक नूतन चतुर्वेदी ने मुकेश दुबे, ओंकारेश्वर पाठक और बजरंग दल के आकाश सहित सभी सहयोगियों का आभार जताया।



















