जनपद फर्रुखाबाद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव रावतपट्टी में दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं। सोमवार देर आलोक कुमार अपने परिवार के साथ दीपावली की सजावट में व्यस्त थे। घर में रंग-बिरंगी बिजली की झालर लगाई जा रही थी। लेकिन किसे पता था कि यही रंग-बिरंगी झालर घर की खुशियां छीन लेगी।

खेलते-खेलते मासूम ने पकड़ी झालर
सजावट के बाद परिवार के सभी लोग छत पर मोमबत्तियां जलाने चले गए थे। इसी बीच आलोक के दो वर्षीय पुत्र सत्यम ने जमीन पर जल रही झालर को पकड़ लिया। खुले तार की चपेट में आने थे मासूम अचेत होकर गिर पड़ा।

निजी अस्पताल में किया मृत घोषित
सत्यम को जमीन पर अचेत अवस्था में देख परिजन घबरा गए और उसे आनन-फानन में निजी चिकित्सक के यहां लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने परीक्षण के बाद मासूम सत्यम को मृत घोषित कर दिया।

शव के घर पहुंचते ही मचा कोहराम
घर पहुंचते ही सत्यम के शव को देख मां पूजा, पिता आलोक और दादा जोगराज फूट-फूटकर रोने लगे। गांव के लोगों की आंखें भी नम हो गईं। वहीं पर जिन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि सत्यम की एक छोटी बहन सिद्धि, जो अभी एक साल की भी नहीं हुई। अचानक हुई इस अप्रिय घटना से दीपावली की रात पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया।


















