Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर पंचाल घाट पर चल रहे गंगा स्नान को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है। मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे डीआईजी यमुना प्रसाद ने पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के साथ पंचाल घाट पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

पार्क से घाट तक व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
डीआईजी यमुना प्रसाद ने सबसे पहले घाट पुल के ऊपर बने पार्क का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने गंगा घाट पर पहुंचकर स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही और सुरक्षा इंतजामों को देखा। उन्होंने पुलिसकर्मियों के ड्यूटी प्वाइंट की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं के बारे में बातचीत की। इस दौरान आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

कई जिलों में गंगा स्नान को लेकर पुलिस मुस्तैद
डीआईजी ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर फर्रुखाबाद के साथ कन्नौज, औरैया, इटावा और कानपुर देहात समेत कई जिलों में गंगा स्नान का आयोजन हो रहा है। सभी स्थानों पर पुलिस अधीक्षकों के नेतृत्व में पुलिस टीमें तैनात की गई हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गंगा घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिसकर्मी लगातार ड्यूटी कर रहे हैं, ताकि कार्तिक पूर्णिमा का गंगा स्नान कार्यक्रम व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

























