Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद में बहन के निधन के 13 दिन बाद उसकी आत्मा की शांति के लिए दीपदान करने जा रहे दो भाइयों की बाइक हादसे का शिकार हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में बड़े भाई की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।

बहन की आत्मा की शांति के लिए जा रहे थे दोनों भाई
पूरा मामला नवाबगंज थाना क्षेत्र के मांझना मार्ग स्थित सोना जानकीपुर गांव के पास का है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवाबगंज के मोहल्ला बरतल निवासी रूपराम की बेटी का 13 दिन पहले निधन हो गया था। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे उनके बेटे प्रदीप और कुलदीप बाइक से शमशाबाद स्थित ढाई घाट पर दीपदान करने जा रहे थे।

अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ हादसा
बताया गया कि दोनों भाई मांझना मार्ग पर सोना जानकीपुर गांव के पास पहुंचे थे, तभी उनकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज पहुंचाया।

अस्पताल में बड़े भाई को मृत घोषित किया
सीएचसी में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने चिकित्सीय परीक्षण के बाद प्रदीप को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल कुलदीप को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया। उनकी हालत गंभीर बताई गई है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
प्रदीप की मौत की सूचना मिलते ही मां ओमवती, पत्नी सरोजनी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल। परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदीप नवाबगंज बिजलीघर में लाइनमैन के पद पर तैनात थे। उनके परिवार में दो बेटे विनय और निशु तथा दो बेटियां वैष्णो और हिमांशी हैं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

























