Farrukhabad News : गुरुवार सुबह करीब 11:05 बजे जनपद फर्रूखाबाद के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र स्थित हथियापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास कासगंज से कानपुर जा रही ट्रेन संख्या 1540 एक्सप्रेस के सामने एक व्यक्ति आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, व्यक्ति रेलवे ट्रैक पर खड़ा हुआ था और देखते ही देखते वह ट्रेन की चपेट में आ गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

40 मिनट तक थमा रहा रेल यातायात, पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे के बाद ट्रेन लगभग 40 मिनट तक घटनास्थल पर ही खड़ी रही, जिससे रेल यातायात प्रभावित हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही मऊदरवाजा थाना प्रभारी अजब सिंह, हथियापुर चौकी इंचार्ज विनीत त्रिपाठी और जीआरपी के एसआई एवरन सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मानसिक तनाव में थे मृतक, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक की पहचान मऊदरवाजा क्षेत्र के रसीदपुर निवासी सुरेश शर्मा के 48 वर्षीय पुत्र निर्दोष शर्मा के रूप में हुई है, बता दें कि निर्दोष फर्नीचर बनाने का काम करते थे। निर्दोष की मौत की सूचना पर पत्नी रेखा, बेटों विपिन और पवन का रो रोकर बुरा हाल है। मृतक के दामाद सचिन शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि ससुर निर्दोष पिछले कुछ समय से काफी मानसिक तनाव से गुजर रहे थे।

























