Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर के रेलवे रोड स्थित मेरठ कोल्ड के समीप स्थापित श्री गणेश समिति के पंडाल में धार्मिक उल्लास का माहौल देखने को मिला। श्री कोतवालेश्वर हनुमान जी सेवा ट्रस्ट के सदस्यों को भगवान श्री गणेश जी की महाआरती करने का परम सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस दौरान हनुमान सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष जितेंद्र रस्तोगी ने गणपति बप्पा को माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम के दौरान श्री गणेश समिति के बबलू राठौर ने अध्यक्ष जितेंद्र रस्तोगी को अंगवस्त्र और पट्टिका पहनाकर उनका सम्मान किया, साथ ही ट्रस्ट के सभी सदस्यों का स्वागत किया गया।

56 भोग और महाप्रसाद का आयोजन
महाआरती के विशेष अवसर पर प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश को 56 प्रकार के व्यंजनों का महाभोग अर्पित किया गया। भव्य आरती के उपरांत उपस्थित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने अत्यंत श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ प्रसाद ग्रहण किया। महाआरती के कारण पंडाल परिसर में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ जुटी रही और पूरा माहौल “गणपति बाप्पा मोरया” के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

कल धूमधाम से निकाली जाएगी गणेश विसर्जन यात्रा
गणेश समिति के पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्सव के अंतिम दिन सोमवार को प्रातः 9 बजे भगवान श्री गणेश जी की विदाई व विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी। समिति के सदस्यों ने नगर के सभी धर्मप्रेमी बंधुओं और भक्तों से अपील की है कि वे समय से पहुंचकर विसर्जन यात्रा में सम्मिलित हों और पुण्य के भागीदार बनें। इस अवसर पर अध्यक्ष जितेंद्र रस्तोगी, प्रबंधक संगम शाक्य, उपाध्यक्ष कन्हैयालाल जी, अंकित राठौर, बबलू राठौर, राजीव राठौर, विकास, आदित्य, कुलदीप गंगवार, ओम भाई, सुनील शर्मा सहित सैकड़ों भक्तजन उपस्थित रहे।

























