Farrukhabad News : मंगलवार की सुबह जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव बाराबिकू में 48 वर्षीय किसान की फिसलने से दर्दनाक मौत हो गई। किसान की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। बता दें कि गांव बाराबिकू निवासी 48 वर्षीय किसान भूदेव मंगलवार की सुबह लगभग 4 बजे घर के बाहर मवेशियों के पास बनी नाली की तरफ लघुशंका करने जा रहे थे। लगातार हो रही बारिश के कारण वहां बिछी ईंटों पर काफी फिसलन हो गई थी। जैसे ही भूदेव वहां से गुजरे, उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सिर के बल जमीन पर गिर पड़े। गिरने की आवाज सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे में गंभीर रूप से घायल भूदेव को परिजन पहले गांव के ही एक निजी चिकित्सक के पास ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद भी हालत में सुधार न होने पर उन्हें तत्काल कायमगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरो ने चिकित्सीय परीक्षण के बाद भूदेव को मृत घोषित कर दिया। भूदेव की मौत की सूचना पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक भूदेव के परिवार में उनकी पत्नी संगीता, एक पुत्र अंशुल और एक विवाहित पुत्री प्रीति हैं। अचानक हुए इस दर्दनाक हादसे से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश की वजह से रास्तों पर बनी फिसलन बेहद खतरनाक साबित हुई। घटना के बाद से पूरे बाराबिकू गांव में सन्नाटा और मातम का माहौल है।
























