फर्रुखाबाद : कायमगंज में संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनी फरियादें, 135 शिकायतों में से 11 का हुआ मौके पर निस्तारण – अनुपस्थित खंड शिक्षा अधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश

Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से शनिवार को तहसील कायमगंज के सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं। बता दें कि संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 135 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए समयसीमा के भीतर समाधान करने के निर्देश दिए गए।

शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील समाधान दिवस में मिलने वाली शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए। प्रत्येक शिकायत का स्थलीय सत्यापन कर वास्तविक समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। अधिकारी समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई करें, ताकि फरियादियों को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। निस्तारण में लापरवाही और अनावश्यक देरी पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

अनुपस्थित खंड शिक्षा अधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश

समाधान दिवस के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी शमशाबाद के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को संबंधित अधिकारी के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने और वेतन रोकने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए आयोजित महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य है। बिना उचित कारण अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ईवीएम-वीवीपैट केंद्र का निरीक्षण, जनगणना अभियान को लेकर भी जागरूकता

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने तहसील परिसर में स्थापित ईवीएम एवं वीवीपैट प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने मशीनों की क्रियाशीलता जांची और मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने के कार्य का जायजा लिया। इसके साथ ही भारत की जनगणना 2027 के तहत संचालित स्वगणना जागरूकता अभियान को बढ़ावा देने के लिए दोनों अधिकारियों ने सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी ली। उन्होंने जनपदवासियों से स्वगणना अभियान में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि जनगणना के आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

पुलिस और राजस्व विभाग की सबसे अधिक शिकायतें

तहसील समाधान दिवस में प्राप्त 135 शिकायतों में पुलिस विभाग की 45, राजस्व विभाग की 41, विद्युत विभाग की 13, विकास विभाग की 9, आपूर्ति विभाग की 2, नगर पालिका एवं नगर पंचायत की 3 तथा अन्य विभागों की 22 शिकायतें शामिल रहीं। इनमें से 11 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, एसडीएम कायमगंज अभिषेक वर्मा, सीओ अजय वर्मा, तहसीलदार अरविंद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें