फर्रुखाबाद : बेटी को स्कूल छोड़कर घर लौट रहे पिता की सड़क हादसे में मौत, परिवार में मचा कोहराम

Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के राजेपुर थाना क्षेत्र में इटावा-बरेली नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह हुए सड़क हादसे में 33 वर्षीय पंकज सोमवंशी की मौत हो गई। वह अपनी आठ वर्षीय बेटी को स्कूल छोड़कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। जमापुर मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल पंकज को राहगीरों ने लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बेटी को स्कूल छोड़कर लौट रहे थे पंकज

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बदनपुर गांव निवासी पंकज सोमवंशी बुधवार सुबह करीब आठ बजे अपनी बेटी आकृति को स्कूटी से स्कूल छोड़ने गए थे। आकृति कक्षा तीन की छात्रा है और जमापुर मोड़ के पास स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ती है। बेटी को स्कूल छोड़ने के बाद पंकज स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।

बाइक की टक्कर से सड़क पर गिरे

बताया गया कि जमापुर मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पंकज सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बाइक भी गिर गई। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने उन्हें तत्काल लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

मोबाइल की दुकान चलाते थे पंकज

पंकज गांव में मोबाइल की दुकान चलाते थे। उनके पिता समरपाल सिंह सोमवंशी खेती करते हैं। पंकज दो भाइयों में बड़े थे। परिवार में पत्नी आरजू, बेटी आकृति और बेटा शिवांश हैं। उनकी मां का नाम लक्ष्मी देवी है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

घटना की सूचना मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवाकर थाना पुलिस को जानकारी दी। परिवार में पंकज की मौत से शोक का माहौल है। बेटी को स्कूल छोड़कर घर लौटते समय हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे दुख में डाल दिया है।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें