फर्रुखाबाद : कायमगंज में दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं, सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत

Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव सैंथरा निवासी 18 वर्षीय पुनीत शर्मा सोमवार शाम अपने दोस्त अभिषेक (पुत्र सुभाष) के साथ बाइक से आतिशबाजी खरीदने बाजार जा रहे थे। जैसे ही वे झब्बूपुर गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रही इजौर निवासी अभिषेक (पुत्र कमलेश) की बाइक से उनकी भीषण टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में दोनों बाइकों पर सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

घटना के तुरंत बाद स्थानीय राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को इलाज के लिए पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। पुनीत की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे लोहिया अस्पताल और फिर वहां से तिर्वा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। तिर्वा मेडिकल कॉलेज में देर रात इलाज के दौरान पुनीत की मौत हो गई। पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

परिवार का बड़ा सहारा था पुनीत

सैंथरा के ग्राम प्रधान हर्षित गंगवार ने बताया कि पुनीत अपने माता-पिता का सबसे बड़ा बेटा था। उसके पिता कुलदीप शर्मा की तबीयत अक्सर खराब रहती है। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण पूरा परिवार दिल्ली में मजदूरी करता था और दिवाली का त्योहार मनाने अपने गांव आया था। पुनीत के परिवार में उसकी मां किरण, पिता कुलदीप, तीन बहनें और एक छोटा भाई हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें