फर्रुखाबाद : लुधियाना से घर लौट रही बीमार महिला की रास्ते में हुई मौत, पिता ने लगाया ससुराल पक्ष पर इलाज न कराने का आरोप

Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के कंपिल थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर छितमा गांव निवासी पूजा की मंगलवार सुबह रास्ते में अचानक मौत हो गई। बता दें कि मृतका के पिता कुंवरसेन जाटव अपनी बीमार बेटी को लुधियाना से घर वापस लेकर आ रहे थे। पिता का सपना था कि बेटी उनके साथ भाई दूज का त्योहार मनाएगी, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं।

ससुराल पक्ष पर इलाज न कराने का गंभीर आरोप

मृतका के पिता कुंवरसेन ने जानकारी देते हुए बताया कि पूजा की शादी करीब चार साल पहले कंपिल के आंबेडकर नगर में हुई थी। उनके मुताबिक, पूजा पिछले डेढ़ साल से गंभीर रूप से बीमार चल रही थी, लेकिन ससुराल पक्ष के लोगों ने उसका सही समय पर इलाज नहीं कराया। लगभग दो महीने पहले दामाद उसे पंजाब के लुधियाना छोड़ आया था।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा

मंगलवार सुबह करीब 6 बजे कासगंज के आसपास रास्ते में ही पूजा की मौत हो गई। पिता शव को लेकर अपने पैतृक गांव सिकंदरपुर छितमा पहुंचे और कंपिल पुलिस को पूरे मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक उमेश कुमार महिला पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी मौत की असली वजह

थाना प्रभारी नितिन कुमार ने इस संबंध में बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत का असल कारण क्या था, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट रूप से सामने आ पाएगा। पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें