Farrukhabad News : बुधवार की दोपहर जनपद फर्रुखाबाद के शमसाबाद थाना क्षेत्र के ढाई घाट मार्ग पर बूढ़ी गंगा के पास ढलान पर श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर सड़क से नीचे उतर गया और किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रॉली पलट गई, जिससे उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के समय ट्रॉली में महिलाएं, पुरुष और बच्चे सवार थे।

श्रीमद्भागवत कथा के बाद कलश विसर्जन के लिए जा रहे थे ग्रामीण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद एटा के अलीगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव फरसोली में 11 अक्टूबर से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया गया था। 19 अक्टूबर को कथा का समापन हुई थी और 20 अक्टूबर को गांव में भंडारे का आयोजन किया गया था। इसके बाद बुधवार को गांव के लोग तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर कलश विसर्जन के लिए शमसाबाद के ढाई घाट जा रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार जिस ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ हादसा हुआ, उसमें करीब 35 से 40 लोग सवार थे।

पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही शमसाबाद थानाध्यक्ष सचिन चौधरी पुलिस फोर्स के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमसाबाद में भर्ती कराया। हादसे में 15 लोग चोटिल हुए हैं, जिनमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। अधिकांश घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि दो बच्चों को बेहतर इलाज के लिए लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है।

स्वास्थ्य केंद्र पर मची अफरा-तफरी, समय पर मिला इलाज
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने स्थिति को संभालते हुए तुरंत सभी घायलों का इलाज शुरू किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी को भी बेहद गंभीर चोट नहीं आई है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।


























