फर्रुखाबाद : कंपिल में पहलवानों ने दिखाया दमखम, रामेश्वर-हरेंद्र की 1.21 लाख की कुश्ती बराबरी पर छूटी

Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के कंपिल बाईपास पर आयोजित पारंपरिक दंगल में पहलवानों ने अपनी कुश्ती कला और दमखम का प्रदर्शन किया। दंगल में कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। सबसे बड़ी कुश्ती मथुरा के भारत केसरी रामेश्वर सिंह यादव और हरेंद्र सिंह गुर्जर के बीच हुई। दोनों पहलवानों ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके बाद 1 लाख 21 हजार रुपये की इनामी राशि दोनों पहलवानों के बीच बराबर बांट दी गई। दंगल में कुल 27 कुश्तियां हुईं, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे।

कंपिल
कंपिल

रामलीला कमेटी ने कराया दंगल का आयोजन

रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित दंगल का शुभारंभ प्रमुख उद्योगपति एवं समाजसेवी सत्यप्रकाश अग्रवाल, भाजपा नेता डॉ. विकास शर्मा, समाजसेवी पुखराज डागा, पूर्व चेयरमैन उदयपाल सिंह यादव और कमेटी अध्यक्ष नीरज पाण्डेय ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इसके बाद पहलवानों के हाथ मिलवाकर मुकाबलों की शुरुआत कराई गई। प्रथम सेले की मुख्य कुश्ती एसडीएम अभिषेक वर्मा ने अखाड़े में पहुंचकर दोनों पहलवानों के हाथ मिलवाने के बाद शुरू कराई। आयोजन के दौरान दर्शकों ने पहलवानों का उत्साहवर्धन किया।

कंपिल
कंपिल

अरविंद यादव ने अपने नाम की एक लाख की कुश्ती

दंगल के दूसरे सेले में हाथरस के अरविंद यादव और हरियाणा के रोहतक निवासी भारतीय सेना के पहलवान आशीष के बीच मुकाबला हुआ। दोनों पहलवानों ने अपनी कुश्ती कला का प्रदर्शन किया। इस मुकाबले में अरविंद यादव ने जीत दर्ज कर एक लाख रुपये की इनामी कुश्ती अपने नाम कर ली। वहीं, तीसरे सेले में राजेश पहलवान ने हरियाणा के रॉकी पहलवान को हराकर 51 हजार रुपये की कुश्ती जीती।

कंपिल
कंपिल

अन्य मुकाबले भी रहे आकर्षण का केंद्र

चौथे सेले में आगरा के सुरेश पहलवान और दिल्ली के रमन चौधरी के बीच 41 हजार रुपये की कुश्ती हुई, जो बराबरी पर छूटी। पांचवें सेले में दिल्ली केसरी रिंकू पहलवान और राजस्थान केसरी मोना पहलवान के बीच 21 हजार रुपये का मुकाबला भी बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके अलावा फर्रुखाबाद के जीतू यादव ने जीत दर्ज की। मोहम्मदाबाद के राहुल की 11 हजार रुपये की कुश्ती भी दर्शकों के बीच चर्चा का विषय रही। जैथरा के भूरे और अलीगंज के भूरे पहलवान के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा। इस तरह कंपिल बाईपास पर आयोजित दंगल में कुल 27 कुश्तियों के जरिए पहलवानों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें