फर्रुखाबाद : अष्टमी की रात शीतला देवी व गुरुगांव देवी मंदिर पहुंची डीएम-एसपी, की पूजा अर्चना – लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

Farrukhabad News : शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर जनपद फर्रुखाबाद में भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है। महाअष्टमी की रात्रि 9 बजे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु दर्शन व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह अचानक बढ़पुर स्थित शीतला देवी मंदिर और फर्रुखाबाद शहर के गुरुगांव देवी मंदिर पहुंचे। अधिकारियों ने मंदिर परिसर में व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और दर्शन-पूजन के लिए आ रहे श्रद्धालुओं की भीड़ व सुरक्षा इंतज़ामों की समीक्षा की।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

महिलाओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने आवाजाही व भीड़ प्रबंधन के इंतजामों को देखा। उन्होंने प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि दर्शन-पूजन के दौरान श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बना रहे ताकि सभी श्रद्धालु शांतिपूर्ण व सुरक्षित माहौल में माँ भगवती के दर्शन कर सकें।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

सतर्कता से ड्यूटी करने और चौकसी बरतने के निर्देश

पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि वे अत्यंत सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का पालन करें। भीड़भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए हर समय तत्पर रहने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने माता रानी के दरबार में विधिवत पूजन-अर्चन और आरती कर जनपदवासियों की सुख-समृद्धि, कल्याण व जिले की प्रगति के लिए माँ जगत जननी से आशीर्वाद भी माँगा। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर अभय वर्मा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें