Farrukhabad News : रविवार को पश्चिम बंगाल से एक पर्यटक दंपती फर्रुखाबाद में मंदिर दर्शन और भ्रमण के उद्देश्य से पहुंचे थे। यात्रा के दौरान उनका एक महत्वपूर्ण बैग ई-रिक्शा में ही छूट गया। इस बैग में एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, आधार कार्ड, नकदी, कपड़े और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। बैग गुम होने के बाद परेशान दंपती ने तुरंत स्थानीय पुलिस से संपर्क कर मदद की गुहार लगाई।

मिशन शक्ति 6.0 के तहत पुलिस की तुरंत कार्रवाई
फतेहगढ़ पुलिस ने ‘मिशन शक्ति 6.0’ के तहत मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्परता दिखाई। सर्विलांस और कादरीगेट थाना पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से छानबीन शुरू की। पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और अपने नेटवर्क व मुखबिरों की सहायता ली। सटीक सर्विलांस की मदद से महज 30 मिनट के भीतर संबंधित ई-रिक्शा का पता लगा लिया गया।
सुरक्षित बरामदगी पर दंपती ने जताया पुलिस का आभार
पुलिस ने ई-रिक्शा से बैग और उसमें रखा सारा सामान सुरक्षित बरामद कर लिया। इसके बाद पूरा सामान दंपती को सुपुर्द कर दिया गया। अपना खोया हुआ सामान इतनी जल्दी और सुरक्षित वापस पाकर पर्यटक दंपती ने बेहद खुशी जताई और पुलिस की इस त्वरित कार्यशैली की सराहना करते हुए उनका धन्यवाद किया। क्षेत्राधिकारी सिटी अभय वर्मा ने भी इस सफल कार्रवाई की पुष्टि की है।


























