फर्रुखाबाद: बारिश के बीच मकान की कच्ची दीवार गिरने से युवती की मौत, दो घायल

जनपद फर्रुखाबाद के नवाबगंज कस्बा स्थित वार्ड संख्या तीन, अब्दुल कलाम नगर (चंदनी) में बारिश के कारण एक बड़ा हादसा सामने आया है। सोमवार रात से हो रही लगातार बारिश के बाद मंगलवार तड़के करीब 4:00 बजे एक कच्चे मकान की दीवार अचानक ढह गई। दीवार के मलबे के नीचे दबने से एक 22 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि उसकी चचेरी बहन और चार वर्षीय भतीजी घायल हो गईं। युवती की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।

नवाबगंज फर्रुखाबाद
ज्योति का फाइल फोटो

बारिश से बचाव के लिए पन्नी तानकर सो रहा था परिवार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मकान मालिक नरेश चंद्र बाथम को हाल ही में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला था और नए मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। इस दौरान परिवार के लोग कच्चे मकान की दीवार पर त्रिपाल तानकर रात बिता रहे थे। सोमवार रात को तेज बारिश हो रही थी, जिससे कच्ची दीवार में नमी आ गई। मंगलवार भोर में अचानक दीवार गिर पड़ी, जिसके मलबे में मुन्नी देवी, उनकी बेटी ज्योति, बेटा उपनेश, भतीजी मोहिनी और पौत्री किट्टू दब गए।

ग्रामीणों ने मलबे से निकाला बाहर, अस्पताल में घोषित मृत

चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे परिजनों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल ज्योति बाथम (22) को तत्काल इलाज के लिए एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल मोहिनी बाथम (15) और चार वर्षीय किट्टू को प्राथमिक उपचार व मरहम-पट्टी के बाद घर भेज दिया गया है। परिजनों ने बताया कि ज्योति अपने पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी थी और वह बीए की पढ़ाई पूरी कर चुकी थी।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें