Farrukhabad news : जनपद फर्रुखाबाद के कम्पिल नगर पंचायत क्षेत्र में जलनिकासी की बदहाल व्यवस्था से परेशान होकर करीब आधा सैकड़ा ग्रामीणों ने शनिवार को कायमगंज तहसील पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया। जिला योजना समिति के सदस्य एवं नगर पंचायत कम्पिल के सभासद महेश चंद्र शाक्य के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने हाथों में पट्टिकाएं लेकर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं कराया गया है।

गंदे पानी और कीचड़ से जनजीवन प्रभावित
सड़क पर नाले का गंदा पानी भरने से भोगपुर जाने वाले मार्ग पर आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है। इससे आसपास के किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं और राहगीरों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। पानी से भरे मार्ग से गुजरते समय कई बच्चे गिरकर चोटिल हो चुके हैं। हाल ही में कासिम माजरा निवासी 70 वर्षीय रामशरण अली भी कीचड़ में गिरकर घायल हो गए थे, जिन्हें उपचार के लिए अलीगढ़ अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।
आईजीआरएस और समाधान दिवस में शिकायत का आरोप
ग्रामीणों ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी से कई बार शिकायत की गई। आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के साथ ही कायमगंज में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में भी मामला उठाया गया था, लेकिन आरोप है कि समाधान करने के बजाय कागजों पर ही शिकायतों का निस्तारण दर्शा दिया गया।

निष्पक्ष जांच और प्रशासन का आश्वासन
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को संबोधित प्रार्थनापत्र सौंपकर भोगपुर मार्ग और संबंधित नाले की निष्पक्ष स्थलीय जांच कराने, नाले की पैमाइश कराकर जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था करने तथा पूर्व में हुए कार्यों के बजट-खर्च के विवरण की मांग की। उपजिलाधिकारी अभिषेक वर्मा ने बताया कि ग्रामीणों की समस्या गंभीरता से सुनी गई है और समाधान कराने का आश्वासन दिया गया है, जिसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।

























