जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर स्थित मोहल्ला कूंचा गंगा दरवाजा निवासी 22 वर्षीय गौरव, जनपद बदायूं के अटैना घाट पर बने नारायण आश्रम में रसोइये का काम करता था। सोमवार को आश्रम में दैनिक कार्य के दौरान अचानक वह तेज करंट की चपेट में आ गया। करंट लगते ही गौरव अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने आनन-फानन में उसे निजी वाहन की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया। जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अमरेश ने चिकित्सीय परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
युवक की मौत की सूचना पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची मां सत्यवती, बहन नैना और भाई सौरभ सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्वजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। कुछ समय पूर्व ही उसके बड़े भाई दीपू का भी निधन हो गया था, जिसके बाद से गौरव ही घर में इकलौता कमाने वाला सदस्य बचा था। मृतक की चार बहनें हैं, जिनमें से तीन का विवाह हो चुका है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
अस्पताल प्रशासन द्वारा घटना की जानकारी तुरंत कोतवाली पुलिस को दी गई। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही असल स्थिति साफ होगी।

























