बुधवार को जनपद फर्रूखाबाद के शमसाबाद क्षेत्र में बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन और जन प्रतिनिधि लगातार प्रयासरत हैं। शमसाबाद में उप जिलाधिकारी अभिषेक वर्मा और क्षेत्रीय विधायक डॉ. सुरभि ने संयुक्त रूप से बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित की। बता दें कि गांव भगवानपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 25 बाढ़ प्रभावित परिवारों को खाद्य सामग्री व आवश्यक वस्तुओं के पैकेट सौंपे गए, जिससे ग्रामीणों को तात्कालिक सहायता मिल सकी है।

रास्तों पर भरा पानी, आवागमन हुआ प्रभावित
क्षेत्र में जलस्तर बढ़ने के कारण कई ग्रामीण इलाकों में पानी भर गया है। शमसाबाद के पैलानी दक्षिण मार्ग पर पुलिया के पास लगभग दो फुट पानी भरने से यातायात बाधित हो रहा है। इसके साथ ही शमसाबाद-शाहजहांपुर मुख्य मार्ग, चंपातपुर और अचानकपुर जाने वाले रास्तों पर भी पानी जमा होने से लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कटरी तौफीक इलाके में कटाव के कारण कुछ मकानों के प्रभावित होने की सूचना है।

चरणबद्ध तरीके से मिलेगी सभी पीड़ितों को सहायता
कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि ने मंडी स्थल पर भी बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित की। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, कुल 450 बाढ़ प्रभावित लोगों की सूची तैयार की गई है। लेखपाल पंकज सिंह ने जानकारी दी कि वर्तमान में 25 परिवारों को राहत प्रदान की गई है और शेष चिह्नित लोगों को भी चरणबद्ध तरीके से जल्द ही आवश्यक मदद पहुंचाई जाएगी।


























