जनपद फर्रूखाबाद के विकासखंड बढ़पुर अंतर्गत बाढ़ से प्रभावित गांव दिलीप की मड़ैया और धौली की मड़ैया में बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर अचानक निरीक्षण करने पहुंची । इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। डीएम ने गांव के लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना और आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में पूरा प्रशासन उनके साथ खड़ा है।

राहत कार्यों में ढिलाई न बरतने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि राहत सामग्री वितरण और बचाव कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने प्रभावित परिवारों को समय पर शुद्ध पेयजल, गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री, स्वास्थ्य सुविधाएं और अन्य आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने बच्चों को स्वयं पका हुआ भोजन (कुक्ड फूड) वितरित किया और विभागों को अलर्ट रहने के आदेश दिए।
क्षतिग्रस्त मकानों के लिए मिलेगा मुआवजा और आवासीय पट्टा
डॉ. अंकुर लाठर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पानी के तेज बहाव से जिन ग्रामीणों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें शासन द्वारा निर्धारित सहायता राशि तत्काल उनके बैंक खातों में भेजी जाए। इसके अलावा, कटाव के कारण अपने घर खो चुके परिवारों की सूची तैयार कर उन्हें जल्द से जल्द आवासीय पट्टे आवंटित किए जाएं, ताकि किसी भी प्रभावित परिवार को राहत से वंचित न रहना पड़े।

प्रशासनिक अमला रहा मौजूद
इस निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह तथा तहसीलदार सदर विक्रम सिंह चौहान समेत संबंधित विभागों के तमाम अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।


























