फर्रुखाबाद : रियल एस्टेट कर्मी हत्याकांड का इनामी आरोपी गिरफ्तार, मुख्य शूटर की तलाश जारी

जनपद फर्रुखाबाद के कादरीगेट थाना क्षेत्र में 26 जुलाई को बरेली-इटावा हाईवे पर हुई रियल एस्टेट कर्मी अरुण हुड्डा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मामले में नामजद 25,000 के इनामी हरियाणा के दयालपुर निवासी आरोपी रंजीत (34 वर्ष) को शुक्रवार दोपहर रोडवेज बस अड्डे के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी का डॉक्टरी परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

वाराणसी से लौटते समय हाईवे पर हुई थी वारदात

हरियाणा के फरीदाबाद जिले के दयालपुर निवासी अरुण हुड्डा अपनी पत्नी राखी और ढाई साल के बेटे के साथ कार से वाराणसी से लौट रहे थे। कादरीगेट क्षेत्र के पांचाल घाट चौकी के पास एक दुकान पर रुककर कोल्ड ड्रिंक लेते समय बदमाशों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी। इस मामले में मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने दयालपुर निवासी रोहित और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी।

फर्रुखाबाद
आरोपी रंजीत का लोहिया अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करती डॉक्टरों की टीम

मामले में पूर्व में भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां

पुलिस की जांच में सामने आया है कि इस घटना में प्रयुक्त कार के मालिक सोनू उर्फ कर्मवीर और वारदात के समय कार में मौजूद एक किशोर को पुलिस 31 जुलाई को ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस पूछताछ में रंजीत ने बताया कि आपसी विवाद और रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया था।

अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

थानाध्यक्ष कादरीगेट के अनुसार, मुख्य शूटर साहिल सहित तीन अन्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। एसपी ने फरार आरोपियों पर ₹25-25 हजार का इनाम घोषित किया हुआ है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण

फर्रूखाबाद : रियल एस्टेट कारोबारी हत्याकांड का पर्दाफाश, पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा – कार व हथियार बरामद

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें