जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज में बिजली विभाग के नए और जटिल नियमों ने आम जनता से लेकर व्यापारियों तक का जीना मुहाल कर दिया है। लगातार बढ़ते बिजली बिलों और अघोषित कटौती से परेशान ‘उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल’ ने अब विभाग के खिलाफ आर-पार की जंग का ऐलान कर दिया है। अपनी मांगों को लेकर संगठन की कायमगंज इकाई ने प्रदेश के व्यापारियों, उद्यमियों और आम जनता के हक में आवाज बुलंद की। व्यापारी नेताओं ने इस समस्या को लेकर सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित एक ज्ञापन तहसीलदार हर्षित कुमार को सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की है।

750 रुपए का मीटर चार्ज सीधे 5300! फूटा जनता का गुस्सा
व्यापारियों का कहना है कि बिजली विभाग मनमाने ढंग से नियम लागू कर जनता पर आर्थिक बोझ डाल रहा है। ज्ञापन में सबसे बड़ा विरोध मीटर शुल्क में की गई भारी-भरकम बढ़ोतरी का हुआ। व्यापारियों ने बताया कि दो किलोवाट तक के बिजली कनेक्शन पर लगने वाले मीटर शुल्क को 750 रुपए से बढ़ाकर सीधे 5300 रुपए कर दिया गया है। करीब सात गुना की इस बेतहाशा बढ़ोतरी को व्यापारियों ने सरासर गलत और लूट बताया है। व्यापारियों ने इस बढ़े हुए शुल्क को तुरंत वापस लेने की पुरजोर मांग की है।

बिना बताए लोड बढ़ाने और फ्यूल सरचार्ज के खेल से सब परेशान
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि विभाग बिना किसी पूर्व सूचना के उपभोक्ताओं का लोड एकतरफा बढ़ा रहा है और सिक्योरिटी मनी के नाम पर करोड़ों रुपये जमा करने का दबाव बना रहा है। उनका कहना है कि लोड बढ़ाने की प्रक्रिया उपभोक्ता की सहमति पर होनी चाहिए। इसके अलावा, बिलों में हर महीने जुड़कर आने वाले ‘फ्यूल सरचार्ज’ को तुरंत खत्म करने की मांग की गई है। अघोषित बिजली कटौती पर चिंता जताते हुए निर्बाध बिजली सप्लाई की मांग की गई है। चेतावनी दी गई कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ, तो छोटे व्यापारी और आम जनता बड़े आर्थिक संकट में फंस जाएंगे। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष पवन गुप्ता, नगर अध्यक्ष अमित सेठ, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज कौशल, जिला अध्यक्ष संजय गुप्ता, वरिष्ठ नगर उपाध्यक्ष सुधीर गुप्ता, संयुक्त महामंत्री प्रतीक राज कौशल, नगर महामंत्री संजीव अग्रवाल मीडिया प्रभारी अभिषेक गुप्ता, सहित संगठन के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।


















