फर्रुखाबाद : कायमगंज में प्रॉपर्टी के लालच में किराएदार ने की थी बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या, पुलिस ने किया खुलासा – भेजा जेल

जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र मोहल्ला कूंचा गंगा दरवाजा में 26 फरवरी को हुए सनसनीखेज डबल मर्डर केस की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। जिसे वृद्ध दंपति अपना हमदर्द और बेटे जैसा मानते थे, वही उनकी जान का दुश्मन निकला। पुलिस ने शातिर अभियुक्त जितेंद्र पुत्र मुरारी लाल गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस हत्याकांड ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी थी, लेकिन पुलिस की तत्परता से कातिल अब सलाखों के पीछे है।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

सेवादार से कातिल बनने का सफर

मृतक पुरुषोत्तम कौशल और उनकी पत्नी पुष्पा कौशल ने जितेंद्र को सालों से अपने घर में किराएदार बनाकर रखा था। पुरुषोत्तम कौशल को पैरालिसिस (लकवा) था, जिसकी जितेंद्र दिन-रात सेवा करता था। परिवार का उस पर इतना अटूट विश्वास था कि जितेंद्र ने ही दंपति की बेटी गुनगुन का रिश्ता अपनी बेटी के देवर के साथ तय कराया था। दंपति ने भावुक होकर यहां तक कह दिया था कि उनके बाद यह मकान जितेंद्र का ही होगा। लेकिन लालच ने इस भरोसे की बलि ले ली।

एक थप्पड़ और प्रतिशोध की आग

विवाद तब शुरू हुआ जब गुनगुन की शादी तय हुई और बुजुर्ग पुरुषोत्तम कौशल ने जितेंद्र से मकान खाली करने को कहा। जिस घर को जितेंद्र अपना मान चुका था, उसे छोड़ने के नाम पर वह आगबबूला हो गया। बहस इतनी बढ़ी कि पुष्पा देवी ने उसे थप्पड़ मार दिया और घर से निकाल दिया। बस, इसी अपमान और प्रॉपर्टी को खोने के डर ने जितेंद्र को अपराधी बना दिया और उसने बुजुर्ग दंपति को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।

कायमगंज
कायमगंज

बिजली के तार से घोंटा गला, शातिर तरीके से दी वारदात को अंजाम

बीती 26 फरवरी को जब उसे पता चला कि दंपति का भतीजा दीपू वैष्णो देवी गया है, तो उसने मौके का फायदा उठाया। जितेंद्र बिजली का काम जानता था और घर के कोने-कोने से वाकिफ था। उसने सीसीटीवी कैमरों से बचते हुए पीछे की गली से प्रवेश किया। उसने पुरुषोत्तम गुप्ता का गला बिजली के तार से प्लास की मदद से घोंट दिया, जबकि पुष्पा देवी को आंगन में ही मौत के घाट उतार दिया।

कायमगंज
कायमगंज

पुलिस को चकमा देने की नाकाम कोशिश

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने घर की अलमारी का सामान बिखेर दिया ताकि पुलिस इसे लूटपाट का मामला समझे। इतना ही नहीं, वह इतना शातिर था कि खुद को निर्दोष दिखाने के लिए पुलिस की पंचनामा कार्रवाई में गवाह भी बन गया। लेकिन पुलिस की जांच और कड़ाई से पूछताछ के सामने उसकी चालाकी धरी की धरी रह गई और उसने अपना जुर्म कुबूल कर लिया।

फर्रुखाबाद : कायमगंज डबल मर्डर केस, मौके पर पहुंचे DIG कानपुर जोन – बोले जल्द होगा हत्या का खुलासा

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें