फर्रुखाबाद : सियार के हमले में घायल 7 साल की मासूम ने इलाज के दौरान तोड़ा दम – परिवार में मचा कोहराम

जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव पट्टी मजरा लालपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 2 मार्च को अपने पिता प्रवेश कुमार के साथ खेत पर गई 7 वर्षीय बालिका राधिका पर सियार ने अचानक हमला कर दिया था। उस वक्त पिता तंबाकू की फसल में सिंचाई कर रहे थे। सियार के इस हमले में राधिका गंभीर रूप से घायल हो गई थी। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक सियार वहां से भाग निकला था।

फर्रुखाबाद
मृतक राधिका का फाइल फोटो

इलाज के दौरान तोड़ा दम, परिवार में मचा कोहराम

बताया जा रहा है कि हमले के बाद राधिका को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कायमगंज ले जाया गया, जहां उसे एंटी-रेबीज वैक्सीन और प्राथमिक उपचार दिया गया। बुधवार को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे लोहिया अस्पताल रेफर किया गया, जहां से सैफई ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। राधिका की मौत की खबर मिलते ही माता मीरा देवी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक राधिका अपने चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर की थी।

कायमगंज
कायमगंज

इलाके में सियारों का आतंक, ग्रामीणों में असुरक्षा का भाव

इस घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में सियारों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। पास के गांव जौरा में भी सियार अब तक लगभग 10 पालतू पशुओं को अपना शिकार बना चुका है। लोग अब अपने घरों से बाहर निकलने और बच्चों को अकेले छोड़ने में डर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से आदमखोर सियारों को पकड़ने की मांग की है।

कायमगंज
कायमगंज

स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की जांच, गांव भेजी जाएगी टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएचसी अधीक्षक डॉ. विपिन सिंह ने बताया कि बालिका को रेबीज की सभी जरूरी खुराकें दी गई थीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही स्वास्थ्य विभाग की एक टीम गांव भेजी जाएगी, जो परिजनों और संपर्क में आए अन्य लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करेगी और जरूरत पड़ने पर उनका टीकाकरण भी सुनिश्चित किया जाएगा।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें