जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर के प्रसिद्ध शिवाला मंदिर में महाशिवरात्रि महोत्सव का भव्य शुभारंभ हो गया। पहले दिन हल्दी रस्म और विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। मंदिर परिसर को सुगंधित फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय बन गया।
भगवान शिव का हरिद्रा और गंगाजल से भव्य अभिषेक
शिवाला अभिषेक परिवार की ओर से ज्योतिषाचार्य पंडित गौरव मिश्र के सानिध्य में भगवान शिव का विधि-विधान से हरिद्रा अभिषेक कराया गया। इसके बाद गंगाजल और गौ-दूध से सहस्त्रार्चन अभिषेक हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

डमरू-नगाड़ों के साथ शिव भजनों पर झूमे भक्त
अभिषेक के बाद भोलेनाथ का मनमोहक श्रृंगार किया गया। पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से शिव चालीसा और शिव मंत्रों का पाठ किया। डमरू, शंख और घंटियों की गूंज के बीच भक्त शिव भजनों पर झूमते नजर आए। पूरा मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा।
15 फरवरी को निकलेगी भगवान शिव की भव्य बारात
ज्योतिषाचार्य पंडित डॉ. गौरव मिश्र ने बताया कि महाशिवरात्रि के मुख्य पर्व पर 15 फरवरी को नगर में भगवान शिव की भव्य बारात निकाली जाएगी। यह बारात नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी, जिसमें आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण रहेंगी।

बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे मौजूद
इस अवसर पर श्रवण कौशल, अर्पित जैन, प्रियांशु भारद्वाज, विजय गुप्ता, अनुभव गुप्ता, दीपक दुबे, सुमित वर्मा, संजय कुमार गुप्ता, हिमांशु भारद्वाज, सोनू, दीपक वर्मा सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त मौजूद रहे।


















