जनपद फर्रुखाबाद के कमालगंज थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय नवविवाहिता की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। नवविवाहिता की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।
मायके पक्ष का आरोप – शादी के बाद से चल रहा था दहेज को लेकर उत्पीड़न
जनपद हरदोई के थाना पिहानी के गांव केला निवासी मृतका के पिता रामसनेही ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उन्होंने अपनी बेटी सारिका की शादी दो महीने पहले कमालगंज थाना क्षेत्र के दौलतपुर निवासी रोहित कुमार से की थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद से अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर बेटी को प्रताड़ित किया जा रहा था।

आखिरी बातचीत में बोली थी बेटी – सब ठीक हो जाएगा
रामसनेही ने बताया कि दो दिन पहले उनकी बेटी से फोन पर बात हुई थी। उस दौरान सारिका ने कहा था कि सब ठीक हो जाएगा। लेकिन रविवार शाम अचानक सूचना मिली कि उसकी तबीयत खराब है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। इसके बाद जब उन्होंने ससुराल फोन किया तो किसी ने कॉल रिसीव नहीं की।
अस्पताल पहुंचने पर मृत मिली बेटी, ससुराल वाले गायब
कुछ देर बाद मायके पक्ष को बताया गया कि सारिका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती है। जब परिजन वहां पहुंचे तो बेटी की मौत हो चुकी थी। आरोप है कि इस दौरान ससुराल पक्ष के सभी लोग मौके से फरार हो गए।
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। कमालगंज थाना प्रभारी अवध नारायण पांडेय ने बताया कि फिलहाल कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


















