शुक्रवार की सुबह जनपद फर्रुखाबाद के जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव बेहटा में एक किसान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खून से लथपथ खेत में पड़ा मिला। खेत में किस का सब मिलने की सूचना पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 50 वर्षीय किसान सुनील राजपूत के रूप में हुई है।

खेत जाने के बाद नहीं लौटे किसान, भाई ने देखा खौफनाक मंजर
परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक सुनील राजपूत सुबह लगभग 6 बजे आलू खोदने के लिए खेत गए थे। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटे तो उनके छोटे भाई अनिल कुमार उन्हें देखने खेत पहुंचे। वहां का नजारा देख उनके होश उड़ गए। सुनील का शव जमीन पर पड़ा था और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे साफ था कि हत्या बेहद निर्ममता से की गई है।

मौके से खून से सनी खुरपी बरामद, हत्या की आशंका पुख्ता
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान शव के पास से एक खुरपी बरामद हुई, जिस पर खून के निशान पाए गए। पुलिस का मानना है कि इसी धारदार औजार या किसी अन्य हथियार से वार कर हत्या की गई है। फॉरेंसिक टीम ने सबूत जुटाकर जांच तेज कर दी है।

पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम
इस नृशंस हत्या के बाद बेहटा गांव में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे थाने का घेराव करेंगे। हालात को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

अधिकारी मौके पर, जल्द गिरफ्तारी का दावा
सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, क्षेत्राधिकार अजय वर्मा, व जहानगंज थाना प्रभारी राजेश राय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। सीओ अजय वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का है और हर एंगल से जांच की जा रही है। परिजनों को भरोसा दिलाया गया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।


















