मंगलवार की शाम जनपद फर्रुखाबाद में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक से पार्सल डिलीवरी करने जा रहे 22 वर्षीय युवक को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, हादसे में युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृतक की पहचान
मृतक की पहचान जनपद हरदोई के थाना अरवल क्षेत्र के गांव करनपुर निवासी 22 वर्षीय अनुराग के रूप में हुई। अनुराग पिछले करीब नौ महीनों से फर्रुखाबाद में अपनी बहन के घर रहकर पार्सल डिलीवरी का काम कर रहा था।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, अनुराग बाइक से पार्सल देने के लिए निकला था। इसी दौरान नवाबगंज थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनुराग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे के बाद आसपास के लोगों और परिजनों ने अनुराग को तुरंत लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है।
परिवार में पसरा मातम
मृतक के चाचा जगदेव ने बताया कि मंगलवार शाम उन्हें हादसे की सूचना मिली थी। अनुराग चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसकी मां जगरानी देवी बेटे की अचानक मौत से बेसुध हैं। युवक की असमय मौत से पूरे परिवार में शोक का माहौल है।


















