खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2026: माइनस 20 डिग्री में फर्रुखाबाद की बेटी चेल्सी सिंह ने जीता ब्रॉन्ज, रचा इतिहास

जनपद फ़र्रुख़ाबाद के ग्राम मौधा की होनहार बेटी चेल्सी सिंह ने खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। चेल्सी ने फिगर स्केटिंग (एडवांस्ड गर्ल्स शॉर्ट प्रोग्राम) में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रच दिया।

माइनस 20 डिग्री तापमान में दिखाया जज़्बा

यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता लेह (लद्दाख) के एनडीएस स्टेडियम में आयोजित हुई, जहां तापमान माइनस 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। कड़ाके की ठंड और बर्फ़ीले ट्रैक पर देशभर के बेहतरीन खिलाड़ियों के बीच चेल्सी ने बेहतरीन संतुलन, तकनीक और आत्मविश्वास के साथ पदक अपने नाम किया।

लेह लद्दाख
लेह लद्दाख

कई खिलाड़ी बीमार पड़े, चेल्सी डटी रहीं

अत्यधिक ठंड के चलते प्रतियोगिता के दौरान कई खिलाड़ियों की तबीयत बिगड़ गई, लेकिन चेल्सी सिंह ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने विपरीत हालात में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए यह साबित कर दिया कि मजबूत इरादे हर मुश्किल को मात दे सकते हैं।

यूपी में आइस स्केटिंग सुविधाएं नहीं, फिर भी कमाल

खास बात यह है कि चेल्सी उत्तर प्रदेश की खिलाड़ी हैं, जहां आइस स्केटिंग के लिए स्थायी इंफ्रास्ट्रक्चर लगभग न के बराबर है। इसके बावजूद उन्होंने राष्ट्रीय मंच पर मेडल जीतकर यह दिखा दिया कि संसाधनों की कमी प्रतिभा को रोक नहीं सकती।

पहले भी जीत चुकी हैं इंटरनेशनल मेडल

चेल्सी सिंह इससे पहले खेलो इंडिया 2023 में सिल्वर मेडल जीत चुकी हैं। साथ ही वह साउथ ईस्ट एशियन फिगर स्केटिंग चैंपियनशिप (थाईलैंड) में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

लेह लद्दाख
लेह लद्दाख

पढ़ाई के साथ खेल में भी अव्वल

चेल्सी ने अपनी स्कूली शिक्षा केंद्रीय विद्यालय, फरीदाबाद से की है और वर्तमान में गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी, ग्रेटर नोएडा से बीटेक (कंप्यूटर साइंस) की पढ़ाई कर रही हैं। वह गुरुग्राम में प्रोफेशनल फिगर स्केटिंग कोचिंग ले रही हैं।

परिवार का मजबूत सहारा

प्राइवेट सेक्टर में कार्यरत पिता अनिल कुमार सिंह और माता ममता सिंह के सहयोग से चेल्सी ने यह मुकाम हासिल किया है। उनका संघर्ष हजारों बेटियों के लिए प्रेरणा बन रहा है।

छोटी बहन भी नेशनल चैंपियन

चेल्सी की छोटी बहन जिया सिंह भी शॉर्ट ट्रैक आइस स्पीड स्केटिंग में नेशनल चैंपियन हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फिलीपींस में ट्रेनिंग लेकर साउथ ईस्ट एशियन चैंपियनशिप (सिंगापुर) में हिस्सा ले चुकी हैं।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें