फर्रुखाबाद : कायमगंज में तीन दिन की बारिश से 125 घर जलमग्न, ग्रामीणों में आक्रोश – प्रशासन की पहल से शुरू हुई जल निकासी

Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव पितौरा में तीन दिनों की लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बारिश के कारण गांव के लगभग 125 घर और दो स्कूल पूरी तरह से जलमग्न हो गए। पानी के भराव से परेशान ग्रामीणों के सब्र का बांध सोमवार शाम टूट गया और वे सही जल निकासी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।

धरने पर बैठे ग्रामीण और जनप्रतिनिधि

गाँव में पानी बेरी तिराहे और पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद के महल के पास डुंडी गढ़ी की ओर जाने वाले नाले की तरफ निकल रहा था। जब जेसीबी मशीन से जल निकासी के लिए नाली खोदी जा रही थी, तब कुछ स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों ने काम रुकवा दिया। इसके बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्राम प्रधान प्रशासक के पति अनिल कुमार, पूर्व सपा जिला उपाध्यक्ष मारिया आलम, प्रधानाचार्य अनिल गंगवार सहित कई अन्य लोग ग्रामीणों के साथ धरने में शामिल हो गए।

प्रशासन की मध्यस्थता से सुलझा मामला

सूचना मिलते ही एसडीएम अभिषेक वर्मा और प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और दूसरे पक्ष से करीब तीन घंटे तक बातचीत की।भी दोनों पक्षों के बीच यह सहमति बनी कि जल निकासी के लिए जिस पुलिया को तोड़ा जा रहा है, उसे बाद में ग्राम प्रधान द्वारा दोबारा बनवा दिया जाएगा। इस बात पर लिखित सहमति पत्र भी तैयार किया गया।

जेसीबी से नाली खुदवाकर शुरू कराई निकासी

समझौता होने के तुरंत बाद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में जेसीबी मशीन की मदद से नाली खुदवाई गई। नाली का निर्माण होते ही गांव में जमा पानी तेजी से बाहर निकलने लगा, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और ग्रामीणों के सहयोग से यह समस्या शांतिपूर्ण तरीके से हल हो गई।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें