शुक्रवार की देर शाम जनपद फर्रुखाबाद के कमालगंज थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। बता दें कि लेनगांव मार्ग पर वाहनों की चेकिंग कर रही पुलिस टीम को एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखा। जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग
पुलिस पर फायरिंग होते ही पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत काबू में लेकर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज में भर्ती कराया।
घायल बदमाश की पहचान, 25 हजार का था इनाम
सीओ अमृतपुर संजय वर्मा ने बताया कि घायल बदमाश की पहचान राज किशोर उर्फ तेज सिंह, निवासी बल्लीपुर गांव, थाना कमालगंज के रूप में हुई है। वह शातिर चोर है और उस पर 25,000 रुपए का इनाम घोषित था। राज किशोर कई चोरी की घटनाओं में वांछित चल रहा था।

कई थानों में दर्ज हैं चोरी के मामले
पुलिस के अनुसार राज किशोर थाना कमालगंज, नवाबगंज और शमशाबाद क्षेत्रों में हुई कई चोरी की वारदातों में शामिल रहा है। लंबे समय से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है।


















